मुहम्मदाबाद गोहना। क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि दबंगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर लाठी-डंडे हमला कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मोहिउद्दीनपुर गांव के शंभू नाथ पांडेय ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि 30 नवंबर को उनके घर पर ट्रैक्टर से गिट्टी गिराई जा रही थी। इस बीच उनके विरोधी प्रभुनाथ पांडेय आकर विवाद करने लगे। पीड़ित ने डायल 100 पर पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत करा दिया। इसके बाद 31 दिसंबर को विपक्षियों ने शंभूनाथ के घर में घुसकर उन्हें, उनकी पत्नी और बेटे को पीटकर घायल कर दिया। आरोप लगाया कि विपक्षी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्रभुनाथ, उनके पुत्र बंटी और दीपक पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।