मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बिजौली में दूसरे के नाम पर पढ़ा रहे सहायक अध्यापक को प्रभारी बीएसए अशोक गौतम ने मंगलवार को बर्खास्त कर दिया। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना को सहायक अध्यापक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और वेतन रिकवरी कराने का निर्देश दिया है। फर्जी शिक्षक के बर्खास्तगी से शिक्षकों में हड़कंप की स्थिति रही।
मुहम्मदाबादगोहना ब्लाक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय अलाउद्दीनपुर में 9 फरवरी वर्ष 2009 में अतुल कुमार सिंह की सहायक अध्यापक के रुप में तैनाती हुई थी। इसके बाद उसका स्थानांतरण मुहम्मदाबादगोहना ब्लाक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बिजौली में हो गया। इसी बीच गत वर्ष कोपागंज ब्लाक क्षेत्र के सारा गांव निवासी ज्योति मिश्रा ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत की कि प्राथमिक विद्यालय बिजौली में सहायक अध्यापक पद पर तैनात अतुल कुमार सिंह फर्जी तरीके से नौकरी कर रहे हैं। मामले को गंभीरता को लेते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने गत वर्ष जुलाई 2020 से जांच कराई। जांच में सहायक अध्यापक के शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन कराया गया। सत्यापन में बाराबंकी जिले के फूलशाह गढ़हा में तैनात सहायक अध्यापक अतुल कुमार सिंह का शैक्षिक प्रमाण पत्र मिला। प्रभारी बीएसए अशोक गौतम ने प्राथमिक विद्यालय बिजौली में तैनात सहायक अध्यापक अतुुल कुमार सिंह को अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए विभाग की तरफ से शिक्षक के सर्विस बुक में दर्ज पता ग्राम पो. मधुबन के पते पर तीन बार पंजीकृत पत्र भेजा गया लेकिन पंजीकृत पत्र वापस आ गया। ऊधर, जांच प्रक्रिया के दौरान से ही शिक्षक फरार चल रहा है। इससे जाहिर हो रहा है कि संबंधित सहायक अध्यापक दूसरे के स्थान पर नौकरी कर रहा था। जांच पड़ताल के बाद प्रभारी बीएसए अशोक गौतम ने फर्जी तरीके से नौकरी पाने वाले प्राथमिक विद्यालय बिजौली के सहायक अध्यापक अतुल कुमार सिंह को बर्खास्त कर दिया। साथ ही एफआईआर दर्ज कराने सहित वेतन रिकवरी के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मुहम्मदाबादबाद गोहना को निर्देश दिया है।