शिक्षक संघ ब्लॉक दोहरीघाट के निर्वाचित अध्यक्ष आशीष राय अपने समर्थकों के साथ।संवाद
दोहरीघाट / कुसुम्हा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के दोहरीघाट ब्लॉक इकाई के अध्यक्ष और मंत्री पद का चुनाव गहमागहमी के बीच हुआ। अध्यक्ष पद पर आशीष कुमार राय ने छह और मंत्री पद पर सुजीत कुमार राय ने 114 मतों से जीत दर्ज की। जीत की घोषणा होते ही शिक्षकों और समर्थकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
दोहरीघाट ब्लॉक क्षेत्र के 120 परिषदीय विद्यालयों के 390 शिक्षक-शिक्षिकाएं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक इकाई पदाधिकारी चुनाव में मतदान के लिए पंजीकृत थे। सुबह 10.30 बजे से ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) गोंठा पर मतदान शुरू हुआ, जो दोपहर बाद 2.30 बजे तक चला। कुल 369 शिक्षकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद मतगणना प्रारंभ हुई। मतगणना पूरी होने पर राकेश मणि त्रिपाठी और दिनेश पांडेय ने प्राप्त मतों की घोषणा की। अध्यक्ष पद के आशीष राय को 171 मत, प्रवीण राय को 165 और शशिकला पांडेय को 28 मत प्राप्त हुए। इस तरह आशीष राय ने छह मतों से जीत दर्ज की। जबकि मंत्री पद पर सुजीत कुमार राय को 240 और सत्येंद्र यादव को 126 मतों से ही संतोष करना पड़ा। मंत्री पद पर सुजीत कुमार राय में रिकॉर्ड 114 मतों से जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शिक्षकों का आभार प्रकट किया। वहीं शिक्षकों ने अबीर गुलाल उड़ाकर बधाई दी। खुशी जताने वालों में पूर्व ग्राम प्रधान विजेंद्र राय, ब्लॉक प्रमुख प्रदीप कुमार राय, कुसुम राय, आशीष गुप्ता, प्रणव राय, वेद प्रकाश यादव, कंचन राय, यमनी जायसवाल, देवेश राय, आशीष राय चंचल, मनोज राय आदि शामिल थे।