नगर क्षेत्र स्थित चन्द्रा पब्लिक स्कूल में सावन उत्सव में हाथों पर मेंहदी रचाई छात्राएं।
मऊ। नगर के चंद्रा पब्लिक स्कूल में बुधवार को मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आठवीं कक्षा से 12वीं तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्राओं ने एक दूसरे के हाथों पर मेहंदी से बहुत ही सुंदर तथा आकर्षक कलाकृतियों को उकेरा। कुछ छात्राओं के हाथों में उकेरी गई मेहंदी लोगों को बहुत ही खूबसूरत लगी।
मेहंदी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान नौवीं कक्षा के येलो हाउस की अर्पना यादव को मिला। द्वितीय स्थान ब्लू हाउस 12वीं गणित वर्ग की छात्रा रीषिता वर्मा व येलो हाउस की छात्रा आर्या सिंह को तथा तृतीय स्थान येलो हाउस 12वीं गणित वर्ग की छात्रा शिप्रा सिंह व 10वीं कक्षा रेड हाउस की छात्रा सुस्मिता राज को मिला।
सांत्वना पुरस्कार के रूप में येलो हाउस 12वीं कॉमर्स की छात्रा यषवी राय, ग्रीन हाउस 12वीं कॉमर्स की छात्रा शिखा सिंह, ग्रीन हाउस 12वीं गणित वर्ग की आंचल वर्मा , ग्रीन हाउस नौवीं की छात्रा अंजली तथा येलो हाउस नौवीं की छात्रा श्रुती सिंह को दिया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रबंधक विजय बहादुर पाल ने कहा कि मेहंदी प्रतियोगिता से छात्राओं की हस्तकला की प्रतिभा का निखार होता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य केसी पीटर ने कहा कि मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन छात्राओं की स्वनिर्मित हस्त-कौशल का विकास करने के उद्देश्य से किया जाता है। ऐसी प्रतियोगिताओं से छात्राओं को अपने हुनर बिखेरने का अवसर प्राप्त होता है। इस अवसर पर विद्यालय की उपप्रधानाचार्या सविजा पीटर, कंचन सिंह, सुमन गुप्ता आदि शामिल रहे।