मऊ/ बढ़ुआ गोदाम। जिले के दो थाना क्षेत्रों में साइबर क्राइम का मामला प्रकाश में आया है। एक मामले में साइबर अपराधियों ने पहले लोन का झांसा दिया, फिर आपत्तिजनक पोस्ट की धमकी देकर दिए गए लोन से ज्यादा रकम की वसूली की। दूसरे मामले में एक युवती से साइबर अधिकारी बनकर 15 हजार की वसूली ठग ने कर ली। इसके बाद और युवती को मानसिक रूप से अभी प्रताड़ित किया जा रहा है। जिससे तंग आकर युवती ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थन पत्र देकर मामले की जांच कराने की गुहार लगाई है। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवक दिल्ली में इलेक्ट्रॉनिक कंपनी में नौकरी करता है। उसने फेसबुक पर लोन देने वाले एक एप्लीकेशन को अपलोड करके विभिन्न तिथियों में 17500 रुपये लोन ले लिया। लोन को एक सप्ताह में भुगतान करने की बात कही गई थी। इस बीच साइबर अपराधियों ने युवक को इंटरनेट कॉल नंबर से फोन और व्हाट्सएप करके कहा कि 5 मिनट के अंदर अगर लोन की धनराशि वापस नहीं करोगे तो तुम्हारे कांटेक्ट लिस्ट के सारे रिश्तेदारों, परिचितों को तुम्हारी नग्न फोटो वायरल कर दी जाएगी। फोन करने वालों के डर से युवक ने लोन ली गई रकम की दोगुनी धनराशि भेज दिया। लेकिन फोन करने वालों ने उसे ब्लैकमेल करते हुए और रुपयों की मांग करनी शुरू कर दी। यही नहीं युवक को अलग-अलग 34 मोबाइल नंबरों से फोन और मैसेज करके साइबर अपराधी और रकम मांगते हुए मैसेज पर अभद्र भाषा का प्रयोग और गाली देने लगे। इससे परेशान युवक ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर प्रकरण की जांच कराने की गुहार लगाई। एसपी अविनाश पांडेय के निर्देश पर पुलिस ने अलग-अलग 34 मोबाइल नंबरों धारकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
दूसरी तरफ शहर कोतवाली क्षेत्र के ही एक मोहल्ले की युवती की मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपने को साइबर क्राइम का अधिकारी बताते हुए युवती को झांसे में ले लिया। उसने युवती से कहा कि फोन पे के माध्यम से 15000 रुपये तत्काल भेजो तभी तुम्हारी न्यूड फोटो डिलीट करूंगा, अन्यथा उसे वायरल कर दूंगा। इससे भयभीत युवती ने फोन पे के माध्यम से 15000 रुपये भेज दिए। इसके बाद भी युवती की मोबाइल के सारे कांटेक्ट नंबर ले लिए।
इस संबंध में युवती के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस साइबर अपराधी का पता लगाने का प्रयास कर रही है। कोतवाल शैलेंद्र सिंह का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच की जा रही है। जल्दी ही पकड़ में आ जाएंगे उनके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।