मधुबन। रामपुर थाना क्षेत्र के मर्यादपुर गांव में मंगलवार की रात एक युवती ने दुपट्टे के सहारे फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। वह शादी तय होने और सगाई से नाराज थी।घटना की जानकारी बुधवार की सुबह परिवार के लोगों को हुई तो हड़कंप मच गया। परिवार के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामपुर थाना क्षेत्र के मर्यादपुर ग्राम पंचायत के पुरवा की निधी साहनी पुत्री दिनेश साहनी की दो माह पहले ही परिजनों ने उसकी सगाई की थी। सगाई से वह नाराज थी, साथ ही परिवार के सदस्यों से शादी न करने का दबाव बना रही थी, लेकन परिजनों ने उसकी बात को बहुत महत्व नहीं दिया। मंगलवार की देर शाम रोज की तरह खाना खाकर परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ छत पर सोने चली गई। देर रात जब परिजन गहरी नींद में थे तो निधि अपने कमरे में चली आई।बुधवार की सुबह निधि की मां ने निधि को न पाकर परिवार के दूसरे सदस्यों को बताया तो सभी नीचे उसे आवाज देते हुए पहुंचे। यहां जब उसके कमरे में पहुंचे तो देखा कि निधि का शव उसके ही दुपट्टा से बने फंदा पर पंखे के हुक में लटक रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी रामपुर लालबहादुर सरोज अपने हमराहियों के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी लालबहादुर सरोज का कहना है कि मृतका के पास से एक मोबाइल बरामद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।