मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने शुक्रवार को नगर क्षेत्र स्थित कंपोजिट विद्यालय ख्वाजाजहांपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में भारी अव्यवस्था मिली। प्रधानाध्यापिका चिकित्सकीय अवकाश पर थी, परंतु उनकी जगह अनधिकृत महिला पढ़ा रही थी।
प्रधानाध्यापिका की उपस्थिति में भी उक्त अनधिकृत महिला द्वारा शिक्षण करने की जानकारी पर जिलाधिकारी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापिका को निलंबित करने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में बकरियां एवं मुर्गियां मिली। मध्यान भोजन वाली जगह पर गंदगी थी पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण जल जमाव पाया गया। कक्षा 7 एवं 8 के बच्चे शुद्ध आलेख नहीं लिख सके, उन्हें पर्यायवाची का अर्थ, भिन्न का मतलब तथा सामान्य स्तर की भी जानकारियां नहीं थी।
विद्यालय परिसर में बेहतर शैक्षणिक माहौल न होने तथा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक कार्य न करने पर जिलाधिकारी ने विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक एवं दो शिक्षा मित्रों को नोटिस जारी करते हुए अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए। खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र को भी तीन दिनों के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करते के साथ उनका वेतन रोकने के निर्देश जारी किए।
इस दौरान एआरपी भी परिसर में घूमते पाए गए। सपोर्टिंग सुपरविजन कार्य ठीक ढंग से न करने तथा विद्यालय में अध्ययन अध्यनरत छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित न करने पर पर जिलाधिकारी ने कड़ी फटकार लगाते हुए संबंधित एआरपी को निलंबित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।