मझवारा में गौशाला के गेट पर बीमार पड़ा पशु।संवाद
- फोटो : MAU
मझवारा। गो आश्रय स्थल में पर्याप्त चारा पानी के अभाव में पशुओें के मरने का सिलसिला शुरू हो गया है। यहां पशुओं की देखभाल रामभरोसे है। पेट्रोल पंप के पास अस्थायी गो आश्रय स्थल में अव्यवस्था हावी है। पशुओं के लिए हरा चारा तो दूर पेटभर भूसा, पानी की बेहतर व्यवस्था नहीं है। उचित देख रेख के अभाव रविवार को एक पशु तड़प रहा था लेकिन आला अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। मझवारा मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास बने सरस हाट में अस्थायी गो आश्रय स्थल का निर्माण कराया गया है। यहां 45 पशु रखे गए हैं। जिला पंचायतराज विभाग तथा पशुपालन विभाग की उदासीनता की स्थिति यह है कि गांवों में घूम रहे छुट्टा पशुओं को पकड़ने की व्यवस्था तक नहीं है। छुट्टा पशु किसानों की सब्जी तथा चारा की फसल तहस नहस कर रहे हैं। गो आश्रय स्थल में रखे गए पशुओं के लिएपर्याप्त चारा पानी की व्यवस्था तक नहीं है। हालत यह है कि मानक के अनुरुप भूसा और चारा न मिलने से पशु बीमार पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पशु के बीमार होने पर कर्मचारी उसे पशु आश्रय स्थल से निकाल बाहर कर रहे हैं। ऐसे में पशु बिना चारा-पानी के तड़प-तड़प कर मर रहे हैं। इससे उठ रही दुर्गंध से लोग परेशान हो रहे हैं। विभाग कागज पर ही आश्रय स्थल की मानीटरिंग कर रहा है। खंड विकास अधिकारी घोसी कल्पना मिश्रा ने ऐसी किसी मामले के प्रति अनभिज्ञता जताई। कहा कि सेक्रेटरी तथा ग्राम प्रधान से रिपोर्ट मांगी गई है। जांच में गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।