यूपी के मऊ जिले में छुट्टा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में भेजने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। बुधवार की देर शाम हलधरपुर थाना क्षेत्र के मढ़ैली बढ़नपुरा ग्राम पंचायत में एक छुट्टा पशु ने घर के बाहर बैठे बुजुर्ग पर हमला कर दिया। इससे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मढ़ैली बढ़नपुरा ग्राम पंचायत के बसारिखपुर पुरवा निवासी सुदेश्वर राजभर (60) बुधवार की शाम अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठे हुए थे। तभी कई दिनों से गांव में घूम रहा एक छुट्टा पशु उनके घर के सामने पहुंचा। पेड़ में सींग मारने लगा। सुदेश्वर ने उसे भगाना चाहा तो उसने हमला कर दिया। किसान को उठाकर पटक दिया। आसपास के लोगों ने जब यह देखा तो बचाने के लिए दौड़े।
ये भी पढ़ें: सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को बेकाबू बाइक ने मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
घायल किसान को लेकर लोग रतनपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए। जहां देर रात किसान ने दम तोड़ दिया। सुदेश्वर का पुत्र गुड्डू दिल्ली में था, हादसे के खबर के बाद वह गांव के लिए रवाना हुआ। घटना से उनकी पत्नी पियरिया देवी और अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। छुट्टा पशु बीते कई दिन से गांव में घूम रहा था। छुट्टा पशु के हमले के चलते सुदेश्वर की मौत के बाद लोगों में भय का माहौल है।