मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के सामने सड़क जाम कर विलाप करतीं महिलाएं।
मुहम्मदाबाद गोहना। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सुखपुरा गांव निवासी 18 साल के युवक की झांसी में ट्रक की गिट्टी में दबकर मौत होने के बाद ट्रक के साथ शव के मुहम्मदाबाद पहुंचने की सूचना पर नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को कोतवाली के सामने सड़क जाम कर दिया।
लगभग तीन घंटा तक जाम रहने के बाद मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक और एसडीएम द्वारा आरोपियों की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी करने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। पुलिस को ट्रक पर लदे शव को उतारने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना के संबंध में मृतक के पिता ने आरोपी ट्रक ड्राइवर और उसके भाई पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
सुखपुरा गांव निवासी अनिल पुत्र धर्मेंद्र विगत 4 अगस्त को घर से लापता हो गया। इस दौरान परिजनों ने जब उसके मोबाइल पर संपर्क किया तो उसने पड़ोसी गांव निवासी और पेशे से ट्रक ड्राइवर रिंकू यादव के साथ झांसी में होने की बात कही। इस बीच 6 अगस्त की सुबह किसी अज्ञात फोन से घर वालों को सूचना मिली कि उसके पुत्र अनिल की ट्रक की गिट्टी में दबकर मौत हो गयी है। घबराए परिजनों ने सूचना पुलिस को दी।
इस बीच शाम को खबर मिली की उक्त ट्रक सुल्तानपुर जनपद के गोसाईगंज थाना के पास खडी़ है। सूचना के बाद परिजन सुल्तानपुर रवाना हुए थे कि उक्त ट्रक के मंगलवार की सुबह मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली में आने की खबर मिली। इस बीच ट्रक की गिट्टी में दबे शव को देखते ही परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों ने कोतवाली के सामने जाम लगा दिया। जाम करने वाले हत्या का मुकदमा दर्ज कर ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
लगभग तीन घंटा बाद मौके पर आए अपर पुलिस अधीक्षक शिवाजी शुक्ला और उपजिलाधिकारी अनूप कुमार के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के पिता धर्मेंद्र की तहरीर पर कोतवाली में ट्रक चालक रिंकू यादव और उसके भाई मनीष पुत्र बाबूराम के खिलाफ पुरानी रंजिश को लेकर हत्या किए जाने का मुकदमा दर्ज हुआ है।