नगर के भुजौटी स्थित कैंप कार्यालय पर कौशल प्रशिक्षण योजनाओं के संबध में बैठक करते जिलाधिकारी अर?
- फोटो : MAU
मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा संचालित कौशल प्रशिक्षण योजनाओ के संबंध में बैठक हुई। लक्ष्य के मुकाबले अभी तक कार्य शुरू नहीं करने डीएम ने नाराजगी जताई और मिशन के निदेशक का पत्र लिखने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने प्राचार्य आईटीआई को लक्ष्य प्राप्त की तिथि से तीन माह के अंदर कार्य नहीं शुरू करने पर निजी प्रशिक्षण प्रदाता की बैंक गारंटी जब्त करने का निर्देश दिया। वहीं निजी प्रशिक्षण प्रदाताओं द्वारा संतोषजनक कार्य नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी द्वारा कमेटी बनाकर जांच करने के भी निर्देश दिए गए। डीडीयूजीकेवाई योजना की समीक्षा के दौरान रूरल इंस्टीट्यूट फॉर कैरियर एंड एंप्लॉयमेंट सोसायटी द्वारा लक्ष्य 280 के सापेक्ष 105 लोगों की पूर्ति पर जिलाधिकारी ने निजी प्रशिक्षण प्रदाता के खिलाफ मिशन निदेशक को इस संबंध में पत्र लिखने के निर्देश दिए। रानीडीह सेवा समिति को लक्ष्य 315 के मुकाबले मात्र 98 की पूर्ति पर जिलाधिकारी ने मिशन निदेशक को पुन: पत्र लिखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बंद पड़े प्रशिक्षण केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई करने और सभी प्रशिक्षण केंद्रों पर चल रहे प्रशिक्षण कार्यों का नियमित रूप से निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं समस्त निजी प्रशिक्षण प्रदाता के अधिकारी उपस्थित थे।