फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mau News: घर से तीन किमी दूर सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार वृद्ध की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
हलधरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के तरवांडीह गांव के पास शुक्रवार की रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार वृद्ध को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन

थाना क्षेत्र के कुसाडीह निवासी देवेंद्र गिरी (65) हलवाई का काम करते थे। शुक्रवार को कुड़वाडीह गांव में खाना बनाने गए थे। काम समाप्त होने के बाद रात में गांव निवासी चंदन राजभर के साथ साइकिल से घर के लिए निकले। रात करीब 12 बजे अभी तरवांडीह गांव के पास पहुंचे थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल में टक्कर मार दी। देवेंद्र गिरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन घायल हो गए। टक्कर के बाद चालक बाइक लेकर वहां से भाग गया। घटना उनके घर से तीन किमी दूरी पर हुई।
चंदन के शोर मचाने पर ग्रामीण पहुंचे और वृद्ध को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि देवेंद्र अपनी पत्नी चंद्रावती देवी के साथ अकेले घर पर रहते थे। इकलौते पुत्र नीरज गिरी विदेश में नौकरी करते हैं। पिता की मौत की सूचना मिलने पर घर के लिए निकल गए। उधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर अपने कब्जे में ले लिया। हलधरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश प्रसाद विश्वकर्मा ने बताया कि शव का पंचनामा बनाकर कब्जे लिया गया है। अभी तक इस संबंध में तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

कार की टक्कर से पॉलिटेक्निक का छात्र घायल

बढुआ गोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बकवल मोड़ के पास शुक्रवार की शाम पॉलिटेक्निक का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद चालक कार सहित मौके से भाग गया। घायल छात्र के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बलिया जनपद के सहतवार थाना क्षेत्र के आसमान थोथा गांव निवासी आशीष कुमार चौहान ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि शुक्रवार की शाम चचेरे भाई विशाल चौहान के साथ कंधेरी गांव स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में परीक्षा देकर पैदल लौट रहे थे। अभी बकवल मोड़ पर पहुंचे थे कि तेज रफ्तार कार ने विशाल को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल भाई को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें