मऊ। प्रसूता को लेकर अस्पताल लेकर जा रहे 102 एंबुलेंस के कर्मचारियों ने दर्द बढ़ने पर एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव करा दिया। प्रसव के बाद बच्ची और उसकी मां को रानीपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। एंबुलेंस कर्मियों की सजगता की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं। रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के कर्जुली गांव निवासिनी संगीता कुमारी पत्नी मनोज कुमार को बुधवार की शाम प्रसव पीड़ा शुरू हुई। जिसके बाद उसके पति ने 102 एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस जैसे ही संगीता को लेकर निकली, उसे तेज दर्द होने लगा। संगीता की हालत देखते हुए एंबुलेंस चालक आत्मा प्रसाद, इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन संतोष सिंह और आशा मीरा देवी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ही एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव करा दिया। संगीता ने स्वस्थ कन्या को जन्म दिया। इसके बाद जच्चा एवं बच्चा को सुरक्षित रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर भर्ती कराया गया। एंबुलेंस सेवा के कार्यक्रम प्रबंधक विजित श्रीवास्तव ने एंबुलेंस टीम को बधाई दी है।