हलधरपुर। थाना क्षेत्र के जमीन सहरुल्ला ग्राम सभा में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को बृहस्पतिवार की रात मनबढ़ों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखा तो लोगों का गुस्सा भड़क गया। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर एसओ हलधरपुर पहुंचे और मनबढ़ों पर कार्रवाई आश्वासन देकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया।
हलधरपुर थाना क्षेत्र के जमीन सहरुल्ला ग्राम पंचायत के मुख्य मार्ग पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है। शुक्रवार को छठ के त्योहार में रंग में भंग डालने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार की रात मनबढ़ों ने हथौड़ी से डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं सुबह जब ग्रामीण निकले तो प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखा तो यह बात क्षेत्र में हवा की तरह फैल गई और कुछ देर में बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार राजू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। यहां आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने पर एसओ डीके श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। साथ ही क्षतिग्रस्त प्रतिमा को रिपेयर कराने के साथ जल्द ही मनबढ़ों पर कार्रव्राइ का आश्वासन दिया।