नगर क्षेत्र से सटे बख्तावरगंज मोड़ पर फोरलेन निर्माण के कारण मऊ-आजमगढ़ मार्ग पर लगा लंबा जाम।
जिले में लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर फोरलेन बनने की कवायद गुरुवार से शुरू हो गई। प्रथम चरण में जहां सड़क के किनारे पेड़ कटने शुरू हो गए हैं वहीं सड़क पर पड़ने वाले पुल एवं पुलिया को तोड़कर नया पुलिया निर्माण का कार्य शुरू हुआ है। लेकिन प्रशासन की ओर से जाम से निबटने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं होने से सड़क पर लंबा जाम लग गया। जाम लगने से लोगों को काफी परेशानी हुई।
जिले में लखनऊ-बलिया मार्ग फोनलेन होना है। इसके लिए जिले के मऊ-मुहम्मदाबाद रोड पर काम शुरू हो गया। पिछले एक माह से जगह-जगह पेड़ काटने का काम चल रहा है। जहां-जहां सड़क पर पुल एवं पुलिया बने हैं उसे तोड़कर नए पुलिया का निर्माण पहले ही हो रहा है। गुरुवार को बख्तावरगंज मोड़ के समीप पुलिया को क्षतिग्रस्त करने के लिए जेसीबी मशीन आदि लगाकर मलबे को हटाने का कार्य शुरू किया गया। इसके चलते मौके पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
पुलिया तोड़कर बगल से रास्ते के लिए जब तक कच्चा मार्ग बनाया जाता तब तक घंटों जाम की स्थित बनी रही। जाम से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। लोगों को अपने कार्यालय, कचहरी सहित विभिन्न कार्य के लिए अपने गन्तव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम में फंसे बिरजू यादव ने बताया कि वह आधे घंटे से अधिक समय से निर्माण कार्य के चलते जाम में फंसे हैं। उन्हें दवा के लिए हास्पिटल जाना है जहां नंबर लगाए हुए हैं। जाम में फंसे बृजेश ने बताया कि उन्हें कचहरी के काम से जाना है लेकिन लेट होने के चलते कहीं उनका कार्य ना प्रभावित हो जाए। इसी प्रकार छोटे वाहन से लेकर बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिया के तोड़े जाने एवं उसका मलबा हटाए जाने के बाद कच्चा मार्ग प्रशस्त किया गया जब जाकर आवागमन चालू हुआ।