मऊ। पुलिस ने मारपीट, तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में विद्यालय उर्फ विद्यासागर के खिलाफ रविवार की शाम प्राथमिकी दर्ज की। ये कार्रवाई घोसी कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव उत्तरी निवासी श्रवण कुमार शर्मा की शिकायत और एसपी के आदेश पर की गई है।
प्राथमिकी के अनुसार, श्रवण कुमार शर्मा और गांव निवासी विद्यालय उर्फ विद्यासागर के बीच फर्जी पासपोर्ट के एक मामले को लेकर दीवानी न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी मुकदमे की रंजिश में बीते 10 जून को आरोपी ने घोसी तहसील परिसर में उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए।
श्रवण कुमार ने बताया कि घटना के बाद पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई के बजाय दोनों पक्षों का चालान कर दिया गया। जमानत कराने के बाद उसी शाम आरोपी ने कथित तौर पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि अगले दिन 11 जून को भी आरोपी ने फोन कर गाली-गलौज की और गोली मारने की धमकी दी। घोसी कोतवाली प्रभारी रविंद्रनाथ राय ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।