मऊ। पाकिस्तान द्वारा संभावित हवाई हमले के मद्देनजर जिला प्रशासन आम जनमानस के बचाव, सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क है। मॉक ड्रिल एवं ब्लैक आउट को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार को संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिसमें जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा ने समस्त विभागों को अभी से अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। साथ ही सारी तैयारियां पूरा करने के साथ स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे अलर्ट में रहने और सीएचसी, पीएचसी पर पर्याप्त मात्रा में जीवन रक्षक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ब्लड बैंक में ब्लड यूनिट को भी पर्याप्त ब्लड की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही समस्त सरकारी, प्राइवेट अस्पतालों में अतिरिक्त बेड की भी व्यवस्था पूर्व में ही करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिया। उन्होंने बिजली निगम को सजग रहने के साथ बिजली आपूर्ति अनवरत सुनिश्चित करने और मोबाइल ट्रांसफार्मर की जांच कर व्यवस्था करने तथा कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा घटना के दौरान ब्लैक आउट की स्थिति में विद्युत आपूर्ति की कटौती निश्चित समय पर करने को कहा।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी को हवाई हमले से बचाव के संबंध में स्कूलों में घटना के दौरान एवं उसके बाद में किए जाने वाले कार्यों के लेकर जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया। उन्होंने एनसीसी, एनएसएस की सूची भी उपलब्ध कराने को कहा तथा स्कूलों में मॉक ड्रिल भी करते हुए बच्चों को जागरूक करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को समस्त पेट्रोल पंपों पर तेल की उपलब्धता की स्थिति तथा खपत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के साथ खाद्य रसद की भी जांच कर लेने को कहा।
इस दौरान उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधान, सचिवों के माध्यम से हवाई हमले के दौरान तथा उसके उपरांत बचाव के तरीकों को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने को कहा। नगर पालिका, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को भी जिलाधिकारी ने घटना के दौरान ब्लैक आउट का अनुपालन करने तथा प्रमुख आबादी वाले क्षेत्र एवं चौराहे पर सायरन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जल निगम को अनवरत जल आपूर्ति की पूरी तैयारी पूर्व में ही कर लेने को कहा। इसके अलावा अग्निशमन की गाड़ियों में भी पर्याप्त पानी मिले यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने हवाई हमले की घटना के दौरान न घबराने तथा सबसे पहले बच्चों एवं मरीज को आराम से सुरक्षित स्थानों पर पहुचाने के लिए लोगों को जागरूक करने को कहा। इस दौरान उन्होंने अन्य संबंधित विभागों को भी पूर्व में ही अपने संसाधनों को आपदा के हिसाब से पूरी तैयारी कर लेने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक इलमारन जी ने भी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने को कहा साथ ही मॉक ड्रिल के माध्यम से स्कूल, कॉलेज एवं अन्य क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने को कहा। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर, अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक महेश कुमार अत्री सहित समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी एवं अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।