मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। अलीगढ़ जनपद के एक युवक से ऑनलाइन लाखों की ठगी के मामले में अलीगढ़ जनपद की साइबर सेल पुलिस ने मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के खैराबाद गांव में सोमवार देर शाम छापा मारा। इस मामले में इस्तेमाल किए गए सिम के मोबाइल धारक युवक को पकड़ कर पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने खुद को निर्दोष बताया तो अलीगढ़ पुलिस ने उक्त युवक को नोटिस तामिल कराते हुए एक सप्ताह के अंदर साइबर सेल में आकर अपना स्पष्टीकरण एवं साक्ष्य देने को कहा है।
अलीगढ़ जनपद की साइबर सेल पुलिस सोमवार को मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के खैराबाद गांव में आ धमकी। स्थानीय चौकी इंचार्ज को साथ लेकर वह पहले खैराबाद गांव के एक सिम विक्रेता के यहां पहुंची। सिम की नंबर की जांच की तो उक्त सिम को विक्रेता ने खैराबाद गांव के ही एक युवक को बेचने की बात स्वीकार किया।
साइबर सेल पुलिस ने खैराबाद गांव के एक युवक को पकड़ा और लगभग 40 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के बारे में पूछताछ की। युवक द्वारा मामले में संलिप्तता से इंकार किए जाने के बाद साइबर सेल पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया बल्कि नोटिस तामिल कराते हुए एक सप्ताह के अंदर अलीगढ़ आकर साइबर सेल में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने की हिदायत देकर छोड़ दिया। युवक द्वारा लाखों की ठगी किए जाने की जानकारी पर खैराबाद में लोग अवाक रह गए।