मऊ। जिले से लंबे रूटों पर चलने वाली रोडवेज की बसों में एंटी स्लीप डिवाइस लगाई जाएगी। जिससे चालकों को झपकी आते ही बस में अलार्म बजना शुरू हो जाएगा। इस डिवाइस से बसों के चालकों के रात में झपकी आने से होने वाले हादसों को रोका जा सकेगा।
कुछ देर तक चलती बस में स्टीयरिंग का काम न देख डिवाइस एक्टिव हो जाएगी। डिवाइस से बीप की बार-बार आवाज आएगी। इसके बाद भी स्टीयरिंग का मूवमेंट न मिलने पर अलार्म बज उठेगा। जिससे चालक और परिचालक अलर्ट हो जाएंगे। यदि बस की स्पीड भी ज्यादा होगी तो यह अलार्म चालक को सचेत करेगा। मऊ डिपो की 48 रोडवेज और 11 अनुबंधित बसों का लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, बहराइच, शाहगंज, प्रयागराज, बलिया, वाराणसी सहित 15 अलग अलग रूटों पर संचालन होता है। परिवहन निगम की योजना के अनुसार पहले लंबे रूटों पर चलने वाली बसों में ये डिवाइस लगाई जाएगी। रात में संचालित होने वाली बसों में चालकों को झपकी आने या नींद आने की समस्या रहती है। ऐसी दशा में हादसे होने की आशंका बढ़ जाती है। पायलट प्रोग्राम के तहत निगम ने रात में संचालित होने वाली बसों में एंटी स्लीप डिवाइस लगाने के निर्देश दिए हैं। इसका संकेत एआरएम कार्यालय व प्रदेश मुख्यालय तक पहुंचेगा।
रात में चलने वाली बसों के चालकों को झपकी आने जैसी समस्या बनी रहती है। इसके लिए पायलट प्रोग्राम के तहत एंटी स्लीप डिवाइस लगाया जा रहा है। इससे झपकी आने से होने वाले हादसों को रोका जा सकेगा। अभी तक मऊ डिपो की बसों में इस डिवाइस को लगाने का निर्देश नहीं मिला है।
- हरिशंकर पांडेय
- एआरएम, मऊ