मधुबन में बच्चों के साथ अजय मल्ल
- फोटो : MAU
मऊ। जरूरतमंद तथा आर्थिक तंगी से जूझते और अशिक्षा के अंधियारे में फंसे बच्चों के भविष्य को संवारने का प्रयास बेहद कम लोग ही कर पाते है। लेकिन जिले के मधुबन तहसील में 28 वर्षीय युवा अजय मल्ल ऐसे बच्चों का जीवन सुधार कर उनमें शिक्षा की अलख जगाने के प्रयास मेें जुटे हैं। वर्तमान में मधुबन तहसील के 25 से ज्यादा बच्चों को प्रतिदिन कक्षाएं लगाकर उन पर शिक्षा में अभय बना रहे हैं। अजय के इस कार्य को लेकर पूरे मधुबन तहसील के लोग सराहना करते हैं। मधुबन तहसील के नगर पंचायत मधुबन के ऊसरी निवासी अजय मल्ल वर्तमान में शिक्षक बनने की तैयारी में जुटे हैं। एमएससी फिजिक्स किए हुए अजय बताते है कि उन्होंने खुद तंगहाली में अपनी शिक्षा पूरा की। ऐसे में आर्थिक परेशानी से पढ़ाई में अवरोध की समस्या से भलीभांति परिचित है। इस बात को जानते हुए वह बीते तीन वर्षों से अपने घर पर ही क्षेत्र तथा मधुबन तहसील के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने के लिए कक्षा लगाते हैं। बताया कि वह अपनी कक्षा में ऐसे ही बच्चों को शामिल करते हैं जो आर्थिक रूप से कमजोर हों या उसके परिवार में कोई सहारा नहीं हो। सुबह तथा शाम को चलने वाली एक घंटे की क्लास में उनके यहां वर्तमान में 25 बच्चे प्राथमिक शिक्षा का ज्ञान प्राप्त कर आगे बढ़ रहे हैं। अजय बताते है कि शुरू में उनके कार्यों को लेकर प्रोत्साहन कम मिला, लेकिन अब उनके इस कार्य की सराहना पूरे मधुबन तहसील में की जाती है। उनके यहां चलने वाली क्लास में एलकेजी से लेकर 12वीं तक तथा पॉलिटेक्निक एवं एयरफोर्स की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।
सराहनीय कदम है।