घोसी कोतवाली के जमालपुर मिर्जापुर गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 24 घंटे के अंदर पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दो मासूम बेटे अनाथ हो गए।
जमालपुर मिर्जापुर गांव निवासी रामजीत (34) पत्नी ममता (30), बेटे रोशन (5) और रौनक (4) के साथ परिवार से अलग रहते थे। माता-पिता का पहले ही निधन हो गया था। रामजीत रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
मोहल्लेवासियों के अनुसार, बुधवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। रामजीत बृहस्पतिवार सुबह रिक्शा लेकर घोसी चला गया। दोपहर में खाना खाने लौटा तो कमरे में पत्नी ममता का शव फंदे से लटकता मिला। उस समय बच्चे बाहर खेल रहे थे।
बिना पुलिस को सूचना दिए ममता के मायके वालों की मौजूदगी में दोहरीघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। शुक्रवार को क्रियाकर्म और घंट बांधने की तैयारी चल रही थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे लोग रामजीत को खोजते हुए घर के अंदर पहुंचे तो वह भी फंदा से लटका था।
प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव को नीचे उतारा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों बच्चों को ननिहाल पक्ष के लोग अपने साथ ले गए।