हलधरपुर। थाना क्षेत्र के विभौली ग्राम पंचायत में एक युवक ने बुधवार को किसी बात को लेकर पत्नी से हुए विवाद के बाद अपने शरीर पर मिट्टी का तेल गिरा कर आग लगा लिया। इससे उसकी मौत हो गई। दोपहर लगभग 12 बजे विकास राजभर 28 पुरा रमाशंकर का किसी बात को लेकर अपनी पत्नी से विवाद हो गया। विकास के माता-पिता ने मौके पर पहुंचकर विवाद को शांत करा दिया। विवाद के बाद पत्नी वहां से चली गई। घर वालों के चले जाने के बाद विकास उसी झोपड़ी में अपने ऊपर मिट्टी का तेल गिरा कर आग लगा लिया। आग जब शरीर में फैली तो वह चिल्लाने लगा। आग से झोपड़ी भी जलने लगी। लोगों ने किसी तरह आग बुझाया। परिवार वालों सहित गांव के लोगों ने विकास को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुरा पहुंचाया । वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया ।सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने विकास के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विकास की यह दूसरी शादी है और उसकी अभी मात्र 4 माह की ही एक पुत्री है । पुत्री के जन्म उत्सव का ही पूजा-पाठ होना था। जिसे लेकर घर में तैयारियां चल रही थीं। परंतु विकास का अपनी पत्नी से कुछ विवाद हो गया, और इस विवाद से विकास ने आग लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की आत्महत्या से पूरा परिवार सदमे में है। घर के सदस्यों का रो रोकर बुरा हाल है।