कोपागंज। लाड़नपुर में लोकपाल के जांच के सात महीने बाद शनिवार को ब्लॉक स्तरीय टीम जांच करने पहुंची। टीम को लोकपाल की जांच में मिली कमियां जस की तस मिलीं। कमियों में सुधार नहीं किए जाने पर टीम ने नाराजगी जताई और रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेज दी। लाड़नपुर ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने खेल मैदान और अमृत सरोवर में अनियमितता को लेकर लोकपाल से शिकायत की थी।
शिकायत में बताया गया था कि खेल मैदान पर स्कूल की बाउंड्री को खेल मैदान की बाउंड्री बता कर भुगतान कराया गया है। जिम के नाम पर घटिया सामान लगाया गया है जो गुणवत्तापूर्ण नहीं है। इसको लेकर 24 अक्तूबर 2024 लोकपाल विनीता पांडेय ने मौके पर पहुंचकर जांच किया। जांच के दौरान कराए गए कार्यों में कमी मिलने पर जल्द से जल्द दूर करने का निर्देश दिया गया था। एपीओ अनूप कुमार और अवर अभियंता मुन्नू प्रसाद सात महीने बाद दूर की गई कमियों की जांच करने पहुंचे। टीम को लोकपाल द्वारा बताई गई कमियां दुरुस्त नहीं मिलीं।