चिरैयाकोट। थाना क्षेत्र के सरसेना के पास आजमगढ़ गाजीपुर मार्ग के किनारे पोखरे के भींटे पर बबूल की झाड़ियों के बीच एक अधेड़ का शव रविवार की सुबह ग्रामीणों ने देखा। हत्यारों ने अधेड़ की हत्या सिर को किसी भारी वस्तु से कूंच कर कर दिया था। मुख्य मार्ग पर घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारों ने उसके शव को घसीटते हुए पोखरे के भींटे पर जाकर फेंक दिया था। मृतक की पहचान छपरा में देसी शराब के ठेके पर काम करने वाले सेल्समैन के रूप में हुई। वह कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर गांव का रहने वाला था।
सरसेना आसपास के गांव के लोग सुबह लगभग 6 बजे टहलते हुए पोखरे की तरफ गए तो भींटे पर बबूल की झाड़ियों के झुरमुट के बीच एक शव पड़ा देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुख्य मार्ग पर खून फैला हुआ था जबकि वहां से पोखरे के भीटे तक लाश को घसीटे जाने के लिए निशान थे। सूचना पाकर एसओ विनोद कुमार तिवारी औरसीओ नंदलाल भी पहुंच गए। लाश मिलने की खबर कुछ ही देर में जंगल की तरह पूरे इलाके में फैल गई।
मृतक सरसेना में स्वीकृत और छपरा में संचालित देसी शराब की दुकान के सेल्समैन राजेंद्र राम (50) पुत्र राम वचन के रूप में हुई। यह दुकान वाराणसी दानगंज निवासी डग्गर विश्वकर्मा की है। घटना की जानकारी पाकर एएसपी एसके श्रीवास्तव और एसडीएम डा सीएल सोनकर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक के बेटे अमित की तहरीरपर पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में एएसपी एसके श्रीवास्तव ने बताया कि मोबाइल के सीबीआर निकलवाए जा रहे हैं, इसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जल्दी ही पुलिस हत्यारों को गिरफ्तार कर लेगी। उधर, एसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर टीम लीडर पर अनूप यादव के फॉरेंसिक और डॉग स्क्वाड के सदस्यों ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
छपरा स्थित देशी शराब की दुकान के दूसरे सेल्समैन राजकुमार ने पुलिस को बताया कि शनिवार की शाम 6 बजे कोई फोन आने पर राजेंद्र अपनी मोबाइल अपने कमरे पर भूलकर घर जाने की बात कहकर चला गया था। उसने अपने साथी को बताया कि घर से फोन आया है। वह कुछ घबराया हुआ था। उधर मृतक के बेटे अंकुर ने बताया कि उसके उसके पिता सात महीने पहले इस दुकान पर सेल्समैन की नौकरी करने गए थे। वह छपरा में ही एक किराए का कमरा लेकर रहते थे। पुलिस ने बताया कि घर से उन्हें कोई फोन नहीं गया था। पुलिस ने राजकुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।