शहर कोतवाली के पुरानी तहसील सहादतपुरा नई बस्ती में सोमवार को एक मकान में मार्बल लगाने का कार्य कर रहे 35 वर्षीय मजदूर की करेंट से मौत हो गई। मकान मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के पुरानी तहसील स्थित नई बस्ती में अशोक राय का मकान है। मकान में मार्बल लगाने का कार्य चल रहा था। सोमवार को मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी 35 वर्षीय हरेंद्र मौर्या मशीन से मार्बल की घिसाई कर रहा था।
इसी बीच मशीन में करेंट उतर आया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल पर ही करेंट से मौत होने पर अन्य मजदूर अवाक रह गए। इसकी सूचना मकान मालिक को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मकान मालिक ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और उसके परिवारीजन को भी सूचित किया।