मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के करहा बाजार में बृहस्पतिवार की दोपहर दो युवक और एक युवती ने कपड़ा खरीदकर 12 हजार रुपये की ठगी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों का फुटेज देखा लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। दुकानदार अनिल पटवा ने बताया कि उनकी करहां बाजार में कपड़े और साड़ी की दुकान है। बृहस्पतिवार की दोपहर 2:20 बजे एक बाइक पर दो युवक और एक युवती दुकान पर आई। तीनों ने 12 हजार का कपड़ा खरीदा। उन्हें यूपीआई से 12 हजार रुपये का भुगतान किया। स्क्रीन पर भुगतान सक्सेसफुल दिखाया, फिर तीनों वहां से चले गए। कुछ देर बाद मोबाइल पर मैसेज नहीं आया तो उन्होंने बैंक खाता चेक किया। लेकिन पैसा खाते में नहीं पहुंचा था। जब तक वो बाहर जाकर आसपास ढूंढते, तीनों वहां से भाग गए थे।