मुहम्मदाबाद गोहना उपजिलाधिकारी के स्थानांतरण की मांग को लेकर मुहम्मदाबाद गोहना अधिवक्ता संघ ने शनिवार को भी प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। संपूर्ण समाधान दिवस पर पहुंचे एडीएम सत्यप्रिय सिंह से वार्ता के बाद अधिवक्ताओं ने थोड़ा नरम रूप दिखाया। धरना समाप्त कर दिया, लेकिन न्यायिक कार्यों का बहिष्कार जारी रहा। अधिवक्ताओं ने बिना सुनवाई किए निस्तारित फाइलों को री-स्टोर करने और एसडीएम की कार्यशैली में सुधार की मांग की। आगामी तीन दिनों तक सुधार नहीं होने पर दोबारा धरना प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया गया। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष फिरोज अहमद, मंत्री उमाशंकर यादव, महेंद्र राय, अली अकरम, विनय श्रीवास्तव, सुधीर श्रीवास्तव, प्रदीप पांडेय, खालिद कमाल, रमेश सिंह आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।