मऊ। सावन शुरू होने में तीन दिन ही शेष हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से तैयारियों को अंतिम दिन दिया जा रहा है। जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए खाद्य पदार्थों को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
सहायक आयुक्त खाद्य एसके मिश्र ने बताया कि 11 जुलाई से पवित्र श्रावण मास शुरु होकर नौ अगस्त तक रहेगा। आम लोगाें और कांवड़ यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं को सुरक्षित खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराने वाले प्रतिष्ठानों का पंजीकरण कराना होगा। फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड और फूड सेफ्टी कनेक्ट एप से संबंधित साइनेज का प्रतिष्ठान में सामने लोगों को दिखना चाहिए। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ-साथ खाद्य पदार्थ के मूल्य पर निगरानी रखना होगा।कांवड़ यात्रा मार्ग पर एनजीओ, सामाजिक धार्मिक संगठनों द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे खाद्य, पेय पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी के साथ उन्हें खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। सर्विलांस नमूनों का संग्रहण कराया जाएगा। खुले में मांस, अंडा आदि की बिक्री को नियंत्रित किया जाएगा। ढाबों, होटलों, रेस्टोरेन्ट में स्थापित सीसीटीवी कैमरे चालू होना चाहिए। उनकी रिकार्डिंग एक महीने तक सुरक्षित रखना होगा।