मेडिकल कालेज के लिए चिंहित बंद पड़ी परदहां स्फीनिंग मिल। संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। जिले में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए प्रशासन को जमीन मिल गई है। परदहां स्पीनिंग मिल परिसर को प्रशासन ने कॉलेज के लिए उपयुक्त पाया है। ऐसे में इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। प्रशासन शुक्रवार को जमीन का चिह्नांकन करने में जुटा रहा। सीएम के जनपद दौरे के दौरान मेडिकल कालेज की घोषणा होते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। जिले की आबादी 25 लाख है। नगर में 100-100 बेड का जिला तथा जिला महिला चिकित्सालय की सुविधा है। जिले में मेडिकल कालेज की सुविधा न होने से जनपदवासियों को इलाज के लिए वाराणसी तथा आसपास के जनपदों का रुख करना पड़ता है। अब मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद मेडिकल कालेज खोले जाने की कवायद तेज हो गई है। इसके लिए 20 बीघा जमीन तथा 300 बेड का जिला अस्पताल होने के साथ ही जिला अस्पताल से मेडिकल कालेज तीन किमी के रेंज में होने की शर्त रखी गई है। मुख्यमंत्री के फरमान के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया। शुक्रवार को एसडीएम सदर और सीएमओ ने यूपी स्टेट स्पिनिंग मिल तथा स्वदेशी कॉटन मिल के कैंपस का निरीक्षण किया। जमीन मूल्यांकन में स्वदेशी कॉटन मिल की जमीन कम पड़ रही थी। ऐसे में अधिकारियों को परदहां स्पिनिंग मिल की जमीन ज्यादा उपयुक्त लगी। जिसे मेडिकल कॉलेज के लिए चुन लिया गया। शाम तक जमीन के चिह्नांकन की प्रक्रिया चल रही थी। स्पीनिंग मिल कैंपस लगभग 20 बीघा से ज्यादा में ह और जिला अस्पताल से तीन किमी दूर है। मेडिकल कालेज पीपीपी माडल पर बनेगा जबकि जिला अस्पताल को अपग्रेड कर 300 बेड किया जाएगा। जमीन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मेडिकल कालेज के लिए एजेंसी का निर्धारण किया जाएगा। इसके खुल जाने से जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं तो मिलेंगी ही समय तथा धन दोनों की बचत भी होगी। उपजिलाधिकारी सदर हेमंत चौधरी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के लिए परदहां स्पिनिंग मिल की जमीन चिह्नित की गई है। सभी प्रक्रिया पूरी कर शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।