कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक को संबोधित करते जिले के नोडल अधिकारी मुकेश कुमार मेश्राम।
- फोटो : MAU
मऊ। प्रमुख सचिव, संस्कृति एवं पर्यटन एवं जनपद के नोडल अफसर मुकेश कुमार मेश्राम की अध्यक्षता में रविवार की शाम को समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। बैठक में नोडल अधिकारी ने कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को गांव के अंतिम छोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सभी अधिकारी एवं कर्मचारी की है।
उन्होंने बताया कि पिछली बार निरीक्षण में पाया गया था कि बस स्टेशन बनाते समय पुराने पत्थरों का उपयोग किया गया था, ऐसी किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। किसानों की योजनाओं को क्षेत्र में अच्छे ढंग से क्रियान्वित करें। उन्होंने बताया कि जितने भी धान क्रय केंद्र है उनकी स्थिति सही नहीं है। मानक के अनुसार कोई भी धान क्रय केंद्र सक्रिय नहीं है, इसमे किसी प्रकार की लापरवाही न करें।
नोडल अधिकारी ने निर्देश दिया कि जितने किसानों का धान क्रय किया जाए, उनके भुगतान में देरी न करें। कहा कि जो किसान धान क्रय केंद्र पर धान लेकर आता है उसका धान अवश्य क्रय करें। बेवजह किसी भी किसान को परेशान न करें। इस अवसर पर नोडल अधिकारी ने निर्देश दिया कि किसानों के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उन तक अवश्य पहुंचाए। इसमे किसी प्रकार की लापरवाही न करें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल, पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चंद्रभान, सीडीओ राम सिंह वर्मा, सीआरओ हंसराज, एडीएम केहरी सिंह, सिटी जेएस सचान, डीएफओ, सीएमओ, डीडीओ, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।