मऊ। नगर पालिका सभागार में बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट त्रिभुवन की अध्यक्षता में बिजली विभाग और पालिका की संयुक्त बैठक हुई। जिसमें नगर क्षेत्र में विद्युत समस्या के समाधान एवं विद्युत विभाग से समन्वय पर बल दिया गया। मजिस्ट्रेट ने कहा कि यदि बिना मीटर के बिल बनी तो मीटर रीडर पर कार्रवाई तय हे। सिटी मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिया कि मीटर रीडर घर-घर जाकर मीटर को देखकर मीटर रीडिंग से बिल बनाए । अगर बिना मीटर रीडिंग बिल बनती है है तो मुकदमा दर्ज करते हुए उनकी सेवा समाप्त कर दी जाएगी। कहा कि विभाग अभियान चलाकर बिजली चोरी करने वालों का कनेक्शन काटें। मुकदमा दर्ज कराएं और जुर्माना भी वसूलें। नए कनेक्शन देने और खराब मीटर को बदलने का काम एक माह में पूरा करें। बिजली के जो पोल टूट गए हैं या रास्तों के बीच में है उनकी सूची बनाई जाए और एक माह में इन्हें बदला जाए। कहा कि जिन व्यक्तियों के बिल बकाया है वह तत्काल बिल जमा करें। इसमें कोई समस्या आने पर दो तीन किश्तों में इन्हें अदा कराया जा सकता है। बैठक में मौजूद लोगों से अधिकारियों ने अपील की कि सभी लोग बिजली बिल जमा करने के संबंध में जागरूक हों और समय से बिल जमा करें।