जनपद देवरिया में सेंट्रल बैंक से पौने तीन करोड़ लेकर फरार दो पुलिसकर्मियों में से एक के जनपद मऊ में शरण लेने की खबर है। आरोपी सिपाही श्रीप्रकाश सिंह घोसी के भावनपुर में अपने मामा के यहां शरण लिए हुए था।
शनिवार की सुबह वह मामा के घर से एक बोलेरो में सवार होकर आजमगढ़ के लिए निकल गया। जबकि पुलिस उसके मामा के घर रात में पहुंची। देवरिया और जनपद पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर घर से चार महिलाओं समेत नौ लोगों को हिरासत में लिया। इन्हें देवरिया पुलिस अपने साथ ले गई।
बता दें कि देवरिया शहर में स्थित सेंट्रल बैंक से दो करोड़ 77 लाख 70 हजार रुपये शुक्रवार की दोपहर चोरी हो गए। चोरी में दो सिपाहियों नाम सामने आया। सीसी कैमरे की मदद से खुले मामले के बाद कई जनपदों की पुलिस आरक्षी श्रीप्रकाश सिंह की खोज में लगी है।
इसी बीच पता चला कि आरोपी रुपये लेकर मऊ की तरफ निकला है। मऊ जनपद में उसने अपने मामा के यहां शरण ली। हालांकि वह शनिवार की सुबह खाजेचक लाखीपुर गांव की एक बोलेरो रिजर्व कर आजमगढ़ के निकल भागा।
इधर आरोपी की भनक पाकर देवरिया पुलिस स्थानीय पुलिस के माध्यम से शनिवार की रात भावनपुर उसके मामा के घर पहुंची। लेकिन पता चला कि वह यहां से निकल चुका है।
पुलिस ने चार महिलाओं से सहित नौ सदस्यों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। इस संबंध प्रभारी कोतवाल राकेश जायसवाल का कहना है कि देवरिया स्थित बैंक में हुई चोरी के मुख्य आरोपी की तलाश में देवरिया पुलिस उसके मामा के घर भावनपुर आई थी।