मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली में गिरफ्तार फायरिंग का आरोपी
वलीदपुर/मुहम्मदाबाद गोहना। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के कोईरियापार में 30 जुलाई की शाम रणधीर चौहान के साथ मारपीट और हवाई फायरिंग करने के आरोपी रवि चौहान को पुलिस ने रविवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से पिस्तौल और कारतूस बरामद किया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद का है। घोसी कोतवाली क्षेत्र के कटिहारी बुजुर्ग गांव निवासी रवि चौहान की मौसी कोईरियापार गांव में रहती हैं। चर्चा है कि मौसी की बेटी और पैकौली गांव निवासी रणधीर चौहान के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर कुछ दिन पहले रवि चौहान ने अपने साथियों के साथ रणधीर पर हमला किया था।
ग्रामीणों के मुताबिक, उस दौरान रणधीर के साथ मौजूद युवकों ने रवि की पिटाई कर दी थी। इसी घटना का बदला लेने के लिए रवि 30 जुलाई को कोईरियापार पहुंचा और रास्ते में रणधीर को घेरकर तमंचे से फायर कर दिया।
हालांकि गोली मिस होने के कारण रणधीर की जान बच गई। ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया था।
कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि रविवार की रात करीब 1:10 बजे वाहन चेकिंग के दौरान मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के रामघाट बंधा से रवि चौहान को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 32 बोर की पिस्तौल, एक 32 बोर का कारतूस, एक 9 एमएम का कारतूस और 120 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई पूरी की। न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।