दुर्घटना के बाद मौके पर जमा भीड़
- फोटो : Amar Ujala
मऊ स्थित गजियापुर चट्टी के पास हुई दूसरी बाइक दुर्घटना से चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। बुधवार की शाम एक बाइक चालक अनियंत्रित होकर बाढ़ से बचाव से लेकर बने दिवार से जा टकराया। हादसे के समय हेलमेट न पहनने से सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। बीते 26 दिन में यह दूसरा हादसा हुआ है, इससे पहले बीते एक नवंबर को इसी तरह के हादसे में दो युवकों की मौत हो गई थी।
25 दिन पहले भी ऐसा ही हादसे में दो युवकों की हुई थी मौत
बताते चलें कि बाढ़ से बचाव के लिए बनी दिवार से टकराकर मौत की यह दूसरी घटना है, इससे पहले बीते एक नवंबर को हुई थी, जिसमें बाइक चालक, सवार की मौत हो गई थी। परसिया जयरामगिरी निवासी लालबहादूर उर्फ टंकी 45 अपने साथी राजेश यादव के साथ बीते एक नवंबर को बाइक से गजियापुर की तरफ से वापस लौट रहे थे। जहां गांव की चट्टी से कुछ दूर जाने पर बाइक बेकाबू होकर दिवार से जा टकराई, हादसे में लालबहादूर की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि घायल राजेश ने इलाज के दौरान दम तोड़ा था। हादसे के समय बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
तत्काल की घटना के बारे में बता दें कि मधुबन थाना क्षेत्र के गंगऊपुर गांव निवासी बलिराम 25 पुत्र हीरा पासवन बुधवार की शाम करीब तीन किमी दूर परसिया जयराम गिरी निवासी प्रमोद के घर बाइक से जा रहा था। अभी वह गजियापुर चट्टी से कुछ दूरी पर बढ़ा था कि बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे बनी दिवार से जा टकराई। हादसे में बलिराम गंभीर रूप से घायल हो गया, उधर से गुजर रहे दूसरे वाहन चालकों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को फतेहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
मृतक तीन भाईयों में दूसरे नंबर पर था, वह घर पर रहकर पढ़ाई करता था। घटना के समय बलिराम ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे दिवार से टकराने से उसके सिर में ही गंभीर चोट लगी, जो उसकी मौत का कारण बना। इस संबंध में एसओ मधुबन संजय कुमार त्रिपाठी का कहना है कि मामला संज्ञान में है, पुलिस शव को पीएम के लिए भिजवाया गया है।