शहर कोतवाली क्षेत्र के सलाहाबाद मोड़ पर रविवार को एक मकान का लिंटर लगाते समय ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई।
घटना से गुस्साए मजदूरों ने सड़क पर मजदूर का शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने लोगों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। इस संबंध में मकान मालकिन सहित मकान बनवा रहे ठेकेदार के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सलाहाबाद गांव निवासी एएनएम सरोजनी सिंह ने शहर कोतवाली क्षेत्र के सलाहाबाद मोड़ पर जमीन खरीदी है। उस जमीन पर वह मकान बनवा रही है।
रविवार को मकान का लिंटर लगना था। मकान के ऊपर से एक हाईटेंशन तार गुजरा है। मकान बनवाने वालों ने मजदूरों को यह कह करके काम लगाया कि हाईटेंशन तार पुराना है, इससे बिजली की सप्लाई नहीं होती है।
रविवार को दर्जनों मजदूर लिंटर लगाने के लिए कार्य पर आए। इस बीच एक मजदूर 55 वर्षीय मुसाफिर यादव पुत्र जतन यादव निवासी अछार थाना सरायलखंसी का का सिर हाईटेंशन तार से छू गया और
वह वहीं तड़पड़ाकर दम तोड़ दिया। अपने ही आंखों के सामने मजदूर को तड़प कर मरते देख अन्य मजदूरों ने आजमगढ़- मऊ मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर मौके पर
एसडीएम जगदंबा सिंह और पुलिस पहुंची। लोगों को समझा बुझाकर मजदूर के शव को कब्जे में लिया गया। इस दौरान मजदूरों ने बताया कि मकान मालकिन द्वारा मजदूरों को यह कहकर कार्य कराया जा रहा था
कि गुजरे खंभे और तार में काफी दिनों से बिजली नहीं आती है। इस संबंध में शहर कोतवाली पुलिस ने मृतक के परिवार की तहरीर पर मकान मालकिन सरोजनी सिंह एवं कार्य करा रहे
ठेकेदार श्रीराम चौहान निवासी काजीखुद के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।