मधुबन। पुलिस ने शनिवार को पत्नी की धारदार हथियार से हत्या करने के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बीते बृहस्पतिवार को तहसील क्षेत्र के हीराजपट्टी निवासी चार बच्चों के पिता ने घरेलू कलह के चलते पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
शुक्रवार की शाम जिला अस्पताल पर इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद से ही हत्यारोपी पति फरार चल रहा था। शनिवार को पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रवींद्रनाथ राय ने बताया कि आरोपी मजहर को मधुबन-दोहरीघाट मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
छुट्टी पर घर आया था आरोपी पति
मधुबन। थाना क्षेत्र के हिराजपट्टी गांव निवासी मजहर बाहर रहकर नौकरी करता है। पिछले माह ही वह हैदराबाद से घर छुट्टी पर आया था। बृहस्पतिवार को उसकी पत्नी शायरा बानो (28) के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो बाद में खूनी संघर्ष में बदल गया। पत्नी शायरा बानो पर धारदार हथियार से प्रहार कर उसे लहुलूहान कर दिया गया। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग निकाला था।