बीते विधानसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में आरोपी विधायक अब्बास अंसारी की मंगलवार को कासगंज जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी हुई। एसीजेएम एमपी/ एमएलए श्वेता चौधरी ने मामले में आरोप के लिए 3 अक्तूबर की तिथि नियत की। मामला दक्षिणटोला थाना क्षेत्र का है।
अभियोजन के अनुसार तत्कालीन निरीक्षक पंकज कुमार सिंह की तहरीर पर 12 फरवरी 22 को चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में अपराध संख्या 27/ 22 धारा 188, 171एच भादवि व धारा 133 लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज हुई थी। मामले में पुलिस ने विवेचना कर अब्बास अंसारी, उमर अंसारी, साकिब लारी, शाहिद लारी,इशराईल अंसारी और रमेश राम के विरुद्ध आरोप पत्र कोर्ट में प्रेषित किया है।
मामले में उमर अंसारी के कोर्ट में उपस्थित न होने पर गैरजमानती वारंट जारी किया गया था। साथ ही उनकी पत्रावली अलग कर दी गई थी। जिसमें अब्बास अंसारी की मंगलवार को वीसी से पेशी हुई। एसीजेएम ने मामले में आरोप तय करने के लिए 3 अक्तूबर की तिथि नियत की।