मधुबन थाना क्षेत्र के मधुबन-बेल्थरारोड मार्ग पर मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार पवन (25) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि दरौधा माधवपुर निवासी पवन पुत्र राधेश्याम बलिया जनपद के अखोप गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गया था। देर रात वह बाइक से अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान कटघरा शंकर स्थित चिनीहवा पोखरा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।