मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रविवार की दोपहर चलती ट्रेन से उतरते समय विकास सोनकर उर्फ कल्लू (18) पटरी पर गिर गए। पहिए के नीचे आने उनके शरीर के दो टुकड़े हो गए। मऊ जीआरपी ने शव के टुकड़ों को जिला अस्पताल भेज दिया।
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के छितौना गांव निवासी विकास सोनकर उर्फ कल्लू रविवार को मऊ स्थित मामा के घर जाने के लिए निकले थे। वह सारनाथ से गोरखपुर कैंट इंटरसिटी एक्सप्रेस (15130) पर सारनाथ से चढ़े।
ट्रेन दोपहर दो बजे मऊ जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची। ट्रेन रुकने से पहले विकास प्लेटफाॅर्म पर न उतरकर दूसरी तरफ उतरने का प्रयास किया। रफ्तार अधिक होने के कारण पैर फिसला और वो ट्रेन के नीचे आ गए।
शोर सुनकर मऊ जीआरपी थाना की टीम वहां पहुंच गई। वहां मेडिकल टीम भी पहुंच गई। जीआरपी थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि विवेक के जेब से मोबाइल मिली, जो टूट गई थी। सिमकार्ड निकालकर दूसरी मोबाइल फोन में लगाया गया। तभी उनके मामा का फोन आया और उन्हें घटना की जानकारी दी गई।