सरायलखंसी क्षेत्र के मठ मुहम्मदपुर गांव में मौजूद बंजर की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को पुलिस प्रशासन के सहयोग से हटाया गया। इस दौरान महिलाओं ने अतिक्रमण टीम का विरोध किया वहीं एक महिला ने मिट्टी का तेल अपने ऊपर छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया।
हालांकि समय रहते महिला पुलिस ने उसे पकड़ लिया। अतिक्रमण हटवाने के दौरान कोई अप्रिय घटना न घटित हो इसके लिए पुलिस के साथ-साथ पीएसी को लगाया गया था।
सरायलखंसी थाना क्षेत्र के मठ मुहम्मदपुर गांव में मौजूद बंजर की जमीन पर आयुष हास्पिटल के साथ आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण प्रस्तावित था। लेकिन जमीन पर कई वर्षों से कुछ लोगों ने अवैध तरीके से कब्जा जमाया था।
इस बात की जानकारी होने पर एसडीएम सदर अंकुर लाठर ने अतिक्रमण हटवाने का आदेश जारी किया। एसडीम के आदेश पर गुरुवार को राजस्व टीम पुलिस और पीएसी बल के साथ गांव पहुंची। इस दौरान महिला पुलिस भी मौके पर मौजूद थी।
अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस और राजस्व टीम को मौके पर देख अवैध कब्जा करने वाले परिवार की महिलाएं खुलकर सामने आ गई। इस दौरान तसरिफु पत्नी निजामुद्दीन ने शरीर पर केरोसीन ऑयल छिड़ककर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
इस दौरान एकबारगी मौके पर अफरातफरी मच गई। लेकिन मौके पर पहुंची महिला पुलिस की टीम ने उसे दबोच लिया। इस दौरान पुलिस ने जेसीबी के सहयोग से बंजर की जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटवाया।
अतिक्रमण हटवाने के दौरान मौके पर नायब तहसीलदार सदर सर्वेश सिंह, राजस्व निरीक्षक हलधरपुर रामनयन यादव, शंकर यादव, लेखपाल राजेश सिंह, राहुल, हरिप्रकाश गौतम, अशिवनी कुमार राय, धीरज सोनी, वैभव प्रताप सिंह, सुबाषचंद के साथ थानाध्यक्ष हलधरपुर विनय कुमार सिंह, थानाध्यक्ष सरायलखंसी आरपी यादव, थानाध्यक्ष दक्षिण टोला भगत सिंह, महिला थाना प्रभारी अनीता सिंह, भारी फोर्स और पीएसी बल साथ मौजूद रही।