नगर के सहादतपुरा मोहल्ला निवासी श्री राम सिंह, वीरेंद्र कुमार, बसंत कुमार, सिकंदर, दिव्य कुमार, प्रद्युम्न यादव, विष्णु राजभर, विक्की सुरेश सहित अन्य मोहल्लेवासियों ने बुधवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।
आरोप लगाया कि अवर अभियंता ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए मछलीमंडी रोड पर नाले के ऊपर अवैध तरीके से ट्रांसफॉर्मर रखवा दिया है, जबकि नियमानुसार ऐसा नहीं किया जा सकता है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि अवर अभियंता द्वारा क्षेत्र की बिजली बार-बार ट्रिप कराकर जनता को परेशान किया जा रहा है। बताया कि अवर अभियंता की इस मनमानी से लगाए गए ट्रांसफॉर्मर के कारण मुख्य रास्ता पूरी तरह संकरा हो गया है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चेतावनी दी कि जनहित में पहले यह ट्रांसफॉर्मर हटाया जाए। साथ ही ट्रिपिंग रोकने के साथ अवर अभियंता पर कार्रवाई की जाए। जनहित में ऐसा नहीं किए जाने पर मजबूर होकर वे उग्र आंदोलन और चक्का जाम करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली निगम के जिम्मेदार अधिकारियों की होगी।