घोसी। जमालपुर विक्कमपुर के समीप फोरलेन पर मंगलवार रात में मऊ से गोरखपुर जा रहा तेज रफ्तार डंपर पहले से खड़े ट्रेलर में भिड़ा। इसमें डंपर के ड्राइवर की मौत हो गई। वहीं खलासी की हालत गंभीर है। सूचना पाकर पहुंची घोसी पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल खलासी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव निवासी 32 वर्षीय रोहित गोंड पुत्र स्व बृजलाल गोंड और खलासी गोरखपुर के ट्रांसपोर्ट नगर निवासी रितेश गोंड पुत्र चौधरी गोंड के साथ डंपर में बोल्डर लाद कर गोरखपुर जा रहा था। अभी घोसी के जमालपुर विक्कमपुर गांव के समीप ही मंगलवार की मध्य रात्रि में फोरलेन मार्ग पर ही पहुंचा ही था कि उसी लेन में खड़ी ट्रेलर में अनियंत्रित होकर जा टकराई। इससे तेज रफ्तार होने से ट्रेलर में टक्कर लगते ही डंपर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इससे टक्कर मारने वाले डंफर चालक रोहित और खलासी रितेश घायल हो गये। घोसी पुलिस ने दोनों को सीएचसी घोसी में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने ड्राइवर रोहित गोंड को मृत घोषित कर दिया। जबकि खलासी रितेश गोंड की स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दोनों की पहचान उनके पास मिले दस्तावेज के आधार पर हुई।
पिढवल से लेकर थानीदास तक हो रहे हादसे
घोसी। वाराणसी से गोरखपुर तक फोरलेन बनने के बाद से घोसी के पिढ़वल से लेकर थानीदास तक लगातार हादसे हो रहे हैं। दोनों बाजार में सड़क के किनारे अक्सर बड़े वाहन खड़े रहते हैं। इससे अक्सर रात में दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इन बाजारों के पास लाइट या प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं है। एप्रोच मार्ग के किनारे लगे रेलिंग पर रेडियम पट्टी के अलावा उजाले की कोई व्यवस्था नहीं है।