खेतासराय दुकान में घुसा अनियंत्रित टेलर। स्रोत-संवाद
कस्बे के सलारगंज वार्ड में यूनियन बैंक के समीप सोमवार देर रात बालू लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दुकानों में घुस गया। हादसे में दो दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि चालक और परिचालक सुरक्षित बच गए। दुर्घटना के कारण मुख्य मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। जानकारी के अनुसार, बिहार से मोरंग बालू लादकर अंबेडकर नगर जा रहा ट्रेलर राष्ट्रीय राजमार्ग-135ए से होकर खेतासराय कस्बे से गुजर रहा था। देर रात अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रेलर सड़क किनारे स्थित दुकानों को क्षतिग्रस्त करते हुए एक दुकान में जा घुसा। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे में विकास गुप्ता और अमित गुप्ता की दुकानों को नुकसान पहुंचा। ट्रेलर की टक्कर से सड़क किनारे बनी नालियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि चालक राम जियावन और परिचालक उमेश यादव को कोई चोट नहीं आई। दुर्घटना के बाद ट्रेलर मुख्य मार्ग पर फंस गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मंगलवार को पूरे दिन यातायात प्रभावित रहा और राहगीरों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस को यातायात सुचारु कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाजार क्षेत्र में सड़क संकरी होने के कारण स्थिति सामान्य होने में समय लगा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रेलर से बालू खाली कराकर वाहन को हटाने का प्रयास किया। देर शाम तक यातायात व्यवस्था बहाल करने की कार्रवाई जारी रही। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया जा रहा है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।