दोहरीघाट। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर मंगलवार को जिले से होकर गुजरने वाली स्थानीय कस्बा स्थित सरयू नदी के घाटों पर 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। साथ ही घाटों पर स्थित मंदिरों में परंपरागत रूप से पूजा की। साथ ही जरूरतमंदों को दान भी दिया। इस बीच विभिन्न घाटों और पोखरों पर हर साल की तरह इस बार भी मेले का आयोजन हुआ। इस मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर सरयू नदी के रामघाट, लक्ष्मण घाट, मातेश्वरी घाट पर स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। तड़के से ही दूरदराज सहित आसपास क्षेत्रों से आए स्नानार्थियों का तांता रामघाट पर लगा रहा। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे स्नानार्थियों की भारी भीड़ घाटों पर उमड़ती रही। लोग आस्था के इस महापर्व पर धार्मिक नगरी दोहरीघाट में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर स्नान कर दान-पुण्य गोदान और मंदिरों में पूजन-अर्चन कर कढ़ाई चढ़ाकर अपनी मन्नतें मांगी। सेहरा चढ़ाने को लेकर नाविकों और श्रद्धालुओं की भारी संख्या रही।
विलुप्त हो रहे लोकनृत्यों की दिखी अनुपम झलक
आदि काल से कार्तिक पूर्णिमा के महापर्व पर होने वाले ऐतिहासिक स्नान में विलुप्त हो रहे लोकनृत्यों की झलक देखने को मिली। जिसमें मृदंग, मयूरी, कहरुआ, गोड़ऊ, धोबिया आदि लोकनृत्यों को देख नर्तकियों को महिलाओं ने अपने बच्चों को उनके गोद में देकर मन्नतें मांगने और बच्चों के भविष्य की कामना करते हुए पुरानी परंपराओं को जीवंत किया। मेले में अपने प्रिय का नाम हाथ पर गुदवाने के लिए महिलाओं की काफी भीड़ रही।
कार्तिक पूर्णिमा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की तैयारियों के साथ-साथ एसडीएम घोसी अशोक कुमार सिंह, सीओ घोसी, रामघाट पर डेरा डाले रहे। जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात रहे। रामघाट पर श्रद्धालुओं को भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूजा राय ने चाय वितरित की।
गुरादरी धाम में 50 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
पातालगंगा सरोवर में स्नान-परिक्रमा कर बाबा घनश्याम दास की समाधि पर टेका मत्था
करहां। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को करहां स्थित गुरादरी धाम मठ और पातालगंगा सरोवर पर श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने पातालगंगा सरोवर में स्नान कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। बाबा घनश्याम दास की समाधि पर दर्शन-पूजन के लिए पूरे दिन भक्तों की भीड़ जुटी रही। क्षेत्र के 42 गांवों सहित आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों ने मेले में पहुंचकर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।
श्रद्धालुओं ने पातालगंगा सरोवर में स्नान करने के बाद परिक्रमा की और गुरादरी धाम मठ पहुंचकर महंत मानस धुरंधर दास महाराज का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद बाबा घनश्याम दास की समाधि पर फूल-बतासा अर्पित कर शीश नवाया। श्रद्धालुओं ने समाधि स्थल की विभूति को प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया और अपने घर ले गए। कार्तिक पूर्णिमा पर बाबा की समाधि पर दर्शन-पूजन को लेकर महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मेले की प्रमुख धार्मिक परंपरा के तहत क्षेत्र के किसानों ने अपनी नई फसल की पहली उपज बाबा घनश्याम दास की समाधि पर अर्पित की। लकड़ी से तैयार कुर्सी, मेज, चौकी और पत्थर से निर्मित घरेलू सामान की दुकानों पर भी भीड़ रही। समोसा, पकौड़ी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की दुकानों पर दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। फूल-बताशे और प्रसाद की दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मेले में देर शाम तक चहल-पहल बनी रही और लोग परिवार के साथ मेले का आनंद लेते नजर आए।