मऊ। कोरोना संक्रमण काल में सामानों के दाम ऊंचे मूल्य पर बेचने की शिकायत मिलने पर शुक्रवार की शाम को सिटी मजिस्ट्रेट जिला खाद्य और औषधि अधिकारी के साथ शहर में मौजूद मेडिकल हालों पर जांच के लिए पहुंचे। इस दौरान मिर्जाहादी कापुरा मुहल्ले में मौजूद एक दुकान पर बिक्री रजिस्टर पेश न करने पर सिटी मजिस्ट्रेट ने दुकान को बंद करा दिया। जबकि तीन की जांच करने के बाद नोटिस जारी किया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि दोनों सुबह से बेची गई दवाओं के स्टाक को पेश नही कर सकें।
सिटी मजिस्ट्रेट जेएन सचान शुक्रवार की शाम को जिला अभिहीत अधिकारी केके तिवारी के साथ शहर में मौजूद मेडिकल की दुकानों की जांच को निकले। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि मिर्जाहादी का पुरा मुहल्ला स्थित द्वारिकाधीश दवा घर पर मालिक के स्थान पर दुसरा कोई बैठा मिला। इस दौरान पूछे जाने पर वह कुछ भी बताने में खुद को अक्षम बताया। बाद में पता चला कि दुकान पर बैठने वाला मालिक नहीं है। इस पर अधिकारियों ने दुकान को बंद करा दिया। इसके अलावा जांच करने पर मिर्जाहादीपुरा के फैजी गेट पर मौजूद बाम्बे मेडिकल स्टोर, डोमनपुरा स्थित साक्षी फार्मा और संतोष मेडिकल हाल मिर्जाहादी का पुरा पर स्टाक रजिस्टर नहीं उपलब्ध हुआ। एक स्थान पर फार्मासिस्ट नहीं था। इसके चलते सिटी मजिस्ट्रेट ने तीनों दुकानों को नोटिस जारी किया। बोले यह जांच आगे भी जारी रहेंगी। ऊंचे दामों पर दवा या संक्रमण से संबंधित सामानों की बिक्री करने वालों के विरुद्घ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।