फतहपुर मंडाव ब्लॉक क्षेत्र के आदर्श ग्राम पंचायत दुबारी में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का असर नहीं दिख रहा है। कहीं जलभराव तो कहीं फैले कचरे के ढेर से उठती दुर्गंध से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। गांव के काली चौरी मंदिर से 20 फीट की दूरी पर सड़क के दोनों किनारों पर ढाई बिस्वा से अधिक जमीन पर कचरे का ढेर फैला है।
इस संबंध में दुकानदार राजेंद्र माली, राकेश, कन्हैया लाल, शिवचंद गुप्ता, प्रदीप जायसवाल, साहब सोनकर, भानु सिंह, सहाबुद्दीन, महेंद्र ठाकुर, अभिमन्यु ठाकुर, रोहित ठाकुर ने बताया कि कचरा साफ कराने के लिए ग्राम प्रधान और ब्लॉक के अधिकारियों से कहा गया था। लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। गांव में आरआरसी सेंटर तो बना है लेकिन कूड़ा नहीं उठाया जाता है। कूड़ा उठाने के लिए ग्राम पंचायत द्वारा गाड़ी भी खरीदी गई है, लेकिन वो गाड़ी खड़ी रहती है। गांव में कूड़ेदान भी नहीं है कि लोग कचरे को एक स्थान पर रख दें और गाड़ी उठाकर ले जाए। खंड विकास अधिकारी दिवाकर सिंह ने बताया कि आबादी के पास कचरा इकट्ठा होने की शिकायत मिली थी। इस विषय में लेखपाल से बातचीत करके कचरा फेंकने के लिए कहीं और जमीन तलाशनी होगी।