मधुबन के कुंवरपुरवा में ट्रैक्टर के कुचलने से मृतक डिंपल की फाइल फोटो
मधुबन थाना क्षेत्र के कुंवरपुरवा गांव में बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर डिंपल (6) की मौत हो गई। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। वह लंच कर घर से स्कूल जा रही थी तभी हादसा हो गया।
पिता रामप्रवेश ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। रामप्रवेश ने बताया कि उनकी इकलौती बेटी डिंपल इसी शिक्षा सत्र से घर से 100 मीटर दूर स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने जाती है।
अभी उसका नामांकन नहीं हुआ है, केवल आदत डालने के लिए आती-जाती थी। बृहस्पतिवार की सुबह वह काम पर चले गए थे। लंच होने पर वह खाना खाने घर आई थी। दोबारा स्कूल जाते समय मिट्टी लेकर जा रहे ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया।
दुर्घटना के बाद ग्रामीणों के शोर मचाने पर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। डिंपल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर सीओ अंजनी कुमार पांडेय, थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ कुंवरपुरवा पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को जिला अस्पताल भेजवाया।
आरोपी ट्रैक्टर चालक कुंवरपुरवा गांव का ही निवासी है। डिंपल के परिजन और पुलिस उसके घर पहुंचे, लेकिन वह वहां नहीं मिला।
इस दुर्घटना के बाद गांव के दो पक्षों में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात करनी पड़ी। सीओ अंजनी कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।