पिपरीडीह। वाराणसी भटनी रेलखंड पर पनियरा हाल्ट से कुछ दूर सरायलखंसी थाना क्षेत्र के किन्नुपुर गांव के पास ट्रेन से गिरकर राजनारायण सिंह (68) की मौत हो गई। घटना बुधवार शाम छह बजे की है, वह अपनी बीमार बेटी को देखने आजमगढ़ जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर जिला अस्पताल भेज दिया। सरायलखंसी के खरगजेपुर गांव निवासी राजनारायण सिंह उर्फ फेकू सिंह बुधवार शाम आजमगढ़ में अस्पताल में भर्ती बीमार बेटी को देखने जा रहे थे, उनकी पत्नी भी वहीं पर थीं। मऊ जाने के लिए बुधवार शाम छह बजे पिपरीडीह रेलवे स्टेशन से वाराणसी सिटी-भटनी मेमू (65108) में बैठे। वहां से उतरकर आजमगढ़ जाने वाली ट्रेन पर बैठना था। लेकिन पनियरा हाल्ट से आगे किन्रुपुर गांव के पास झटका लगने से वो ट्रेन से नीचे गिर ट्रैक पर गिर गए। उनकी मौत हो गई। सुनसान जगह होने के चलते किसी को जानकारी नहीं हुई। शाम को 6:14 बजे से रात के 11 बजे तक पांच घंटे तक शव ट्रैक पर पड़ा रहा। आजमगढ़ नहीं पहुंचने पर पत्नी लगातार मोबाइल पर फोन करने लगीं, लेकिन फोन नहीं उठा। रात के अंधेरे में एक व्यक्ति ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सरायलखंसी थाना प्रभारी पंकज पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा बनाकर जिला अस्पताल भेज दिया।
-
इनसेट -
ट्रेन से गिरकर अधेड़ घायल
बुधवार शाम करीब 6:30 बजे सरायलखंसी थाना क्षेत्र के देवपरवा गांव के पास ट्रेन से गिरकर 50 वर्षीय अधेड़ की गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल भेजवाया, जहां इलाज चल रहा है।
-
कोट -
शव मिलने की सूचना पर पहुंची टीम ने पंचनामा बनाकर जिला अस्पताल भेज दिया। जबकि ट्रेन से गिरकर घायल अधेड़ का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, होश न आने के कारण पहचान नहीं हो पाई है।
- पंकज पांडेय, थानाध्यक्ष, सरायलखंसी