दोहरीघाट थाना क्षेत्र के सियरही गांव में बुधवार की दोपहर साढ़े 11 बजे नहर की पटरी से नीचे खेत की जुताई करने के लिए उतारते समय एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
घटना में ट्रैक्टर के मडगार्ड पर बैठा एक किशोर और एक बालक नीचे दब गए। दोनों को बाहर निकाला गया। तब तक बालक की मौत हो चुकी थी। किशोर को घायलावस्था में वाराणसी ले जाया गया है। मृत बालक अपने माता पिता का इकलौता पुत्र था।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बसारथपुर गांव निवासी सुरेश यादव के परिवार का एक युवक विनोद खेत की जुताई करने के लिए बुधवार को सियरही गांव निवासी एक व्यक्ति के यहां ट्रैक्टर लेकर जा रहा था।
ट्रैक्टर के मडगार्ड पर सुरेश यादव के दस साल का इकलौता बेटा सोनू और इंद्रदेव यादव का 15 वर्षीय पुत्र पीयूष बैठे थे। विनोद ट्रैक्टर लेकर सियरही पहुंचा और नहर की पटरी से ट्रैक्टर नीचे खेत में उतारने लगा।
इसी दौरान ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया और मडगार्ड पर बैठे सोनू और पीयूष ट्रैक्टर के नीचे दब गए। आसपास के लोगों ने ट्रैक्टर को सीधा करके घायलों को बाहर निकाला। लेकिन इस बीच सोनू की मौत हो गई थी और पीयूष गंभीर रूप से घायल हो चुका था। लोगों ने घायल को आनन फानन निकट के पीएचसी पर भेजा।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लेकिन किशोर की हालत चिंताजनक देख डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर के लिए भेज दिया। परिजन उसे लेकर बीएचयू चले गए।
घटना के बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर मृत बालक के शव को परिजनों को सौंप दिया। सोनू अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।