मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कस्बे के शेखवाड़ा मोहल्ले में बृहस्पतिवार की शाम आठ बजे व्यवसायी (60)की करंट लगने से मौत हो गई।
कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि अनिल गुप्ता की स्टेशन रोड पर रजाई, गद्दा, फोम और चादर की बड़ी दुकान है। वह अपने परिवार के साथ शेखवाड़ा मोहल्ले में रहते थे।
परिजनों के अनुसार बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे बारिश के बाद दुकान के ऊपर बनी बालकनी में पानी भर गया था। अनिल पानी निकालने के लिए ऊपर गए थे। बालकनी के पास से गुजरा बिजली का तार कटा था और वह लोहे की रेलिंग से टच कर रहा था।
इससे पूरी रेलिंग में करंट आ गया। अनिल को इसका अंदाजा नहीं था।
उन्होंने पानी हटाने के लिए जैसे ही रेलिंग के पाइप पर हाथ रखा, करंट उनके पूरे शरीर में उतर गया और वह वहीं गिर पड़े। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के समय उनका बेटा सुयश दुकान पर बैठा था।
काफी देर तक पिता के नीचे न आने पर जब वह ऊपर बालकनी में पहुंचा तो पिता को जमीन पर मृत पड़ा देख उसके होश उड़ गए।
उसकी चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद